शहर में पार्किंग से गंतव्य तक पहुंचने की समस्या दूर करने के लिए जिला प्रशासन अब ईवी मिनी बस शटल सेवा शुरू करने जा रहा है योजना यह है कि आटोमेटेड पार्किंग में वाहन खड़ा करने के बाद लोग इलेक्ट्रिक मिनी बसों से बाजार, अस्पताल और अन्य व्यस्त इलाकों तक आसानी से पहुंच सकें।इसे शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और मुख्य सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव घटाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।एक दिन पहले ही सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में 111 वाहनों की क्षमता वाली आटोमेटेड पार्किंग का लोकार्पण किया।करीब 4.72 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस पार्किंग के साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पार्किंग सुविधा को केवल वाहन खड़ा करने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उसे सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जाएगा।जिला प्रशासन के अनुसार शहर में तैयार तीन आटोमेटेड पार्किंग स्थलों तिब्बती मार्केट, परेड ग्राउंड व कोरोनेशन क्षेत्र को भविष्य में ईवी आधारित शटल सेवा से जोड़ा जाएगा।इससे लोग वाहन पार्क कर सीधे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तक पहुंच सकेंगे और शहर के भीतर बार-बार निजी वाहन ले जाने की जरूरत कम होगी।जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि फिलहाल पार्किंग स्थलों पर फ्री सखी कैब सेवा संचालित की जा रही है।इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहन से लोगों को नजदीकी व्यस्त क्षेत्रों तक निःशुल्क पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि ईवी मिनी बस सेवा शुरू होने के बाद यह व्यवस्था और प्रभावी होगी।

