बीते कुछ दिनों से जारी बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। दिन भर हुई रिमझिम बारिश से राजधानी दून के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम पारा 11 डिग्री तक लुढ़क गया। दून में 19.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि सबसे अधिक बारिश मसूरी में हुई। यहां 32.3 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बदलाव आया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मार्च का तीसरा सप्ताह मौसम के लिहाज से पूरी तरह से अलग रहा। शुक्रवार को दिन भर हुई बारिश ने प्रदेशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। तापमान में तेजी से आई गिरावट से अचानक आई ठंड ने लोगों को एक बार फिर पहाड़ के साथ मैदानों में भी सर्दी का एहसास कराया। बीते बृहस्पतिवार से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। बीच-बीच में तेज बारिश होती रही।

