प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में कट्टे (बोरे) में सड़ी-गली अवस्था में महिला का शव मिला है। शव करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।पुलिस के मुताबिक महिला का शव काफी सड़ी-गली स्थिति में है। हाथ-पैर मोड़कर शव को बोरे में भरा गया था। इससे प्रतीत हो रहा है कि महिला को जबरदस्ती बोरे में भरा गया होगा। इसलिए पुलिस हत्या की आशंका के दृष्टिकोण से जांच कर रही है।एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि बुधवार को प्रेमनगर क्षेत्र स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में शव पड़े होने की सूचना थाना प्रेमनगर को मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव सड़ी-गली हालत में मिला। अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

