प्रदेश में जनगणना के पहले चरण में मकानों की गणना 25 अप्रैल से शुरू होगी। बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। खास बात यह है कि पहली बार लोगों को अपने मकान की खुद गणना करने का विकल्प भी वेबसाइट के माध्यम से दिया जाएगा।प्रथम चरण की मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 25 अप्रैल से 24 मई तक करवाए जाने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की ओर से जनगणना के पहले चरण की अधिसूचना जारी की गई। राज्य में जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी दीपक कुमार की ओर से राज्य में जनगणना को सही तरीके से संपन्न करवाने का पूर्ण आश्वासन दिया गया है।जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मकान गणना के तहत 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक 15 दिन की अवधि में प्रदेश की जनता को स्व गणना का विकल्प भी दिया जाएगा। पोर्टल के माध्यम से वे स्व गणना में शामिल हो सकेंगे। इसका पोर्टल जल्द ही लांच होने वाला है, जिसमें 33 सवालों का जवाब देना होगा।

