मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धौलास विवादित भूमि आवंटन को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण और साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि धौलास के भूमि आवंटन प्रकरण की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कहीं भी यह पाया जाता है कि भूमि का आवंटन नियमों के विरुद्ध किया गया है, तो यह भूमि राज्य सरकार में निहित कर दी जाएगी।कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी है।बार-बार जनसांख्यिकी बदलाव और मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात आना कही न कहीं बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। धौलास में कांग्रेस के शासनकाल में हुआ भूमि आवंटन इसका उदाहरण है, धर्मपुर क्षेत्र से विधायक एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2004 में जिस मौलाना महमूद मदनी की संस्था को जमीन दी गई, उनका जमीयत उलेमा-ए-हिंद संगठन कट्टरपंथी गतिविधियों के लिए कुख्यात है।चमोली ने कहा कि जो कल तक मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वादे को नकार रहे थे, उन्हें जमीन आवंटन को लेकर गंभीर सवालों का जवाब देना होगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों की पैरवी करती है, जो हल्द्वानी में बनभूलपूरा के कब्जों पर कार्रवाई में पुलिस पर हमला करने वालों के साथ खड़े रहते हैं।

