आइएसबीटी चौक पर पुल के नीचे साइकिल से जा रहे व्यक्ति को ईंट से लोड ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर हालत में व्यक्ति को अस्पताल भिजवाया गया, जहां घायल ने दम तोड़ दिया। ट्रक छोड़ आरोपित चालक फरार हो गया।पटाखा फैक्ट्री में काम करने वाले महावीर सिंह निवासी धारावाली चंद्रमणि मूल निवासी बैजरो पौड़ी गढ़वाल किसी काम से साइकिल से कारगी चौक की तरफ जा रहे थे।इस दौरान ईंट से भरा ट्रक भी आइएसबीटी से कारगी चौक की तरफ जा रहा था। पुल के नीचे जैसे ही ट्रक हरिद्वार बाइपास के लिए मुड़ रहा था तो उसे साइकिल चालक को टक्कर मार दी। ट्रक के पीछे के टायरों की चपेट में आने से महावीर सिंह बुरी तरह से जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर मालिक को बुलाकर उससे पूछताछ की जा रही है।घटना सोमवार सुबह 11:40 बजे की है।

