अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अभाविप के अधिवेशन से निकलने वाले विचार और संकल्प देश के विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।भारत की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की क्षमता रखती है।धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानकर स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं के लिए असीम अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।परेड ग्राउंड में आयोजित अभाविप के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के अंतिम दिन रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोरखपुर के समाजसेवी श्रीकृष्ण पांडेय को यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया।

