उत्तराखंड में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की एआई पॉलिसी और डाटा शेयरिंग पॉलिसी, एआई मिशन की आधिकारिक वेबसाइट और लोगो को राज्यपाल ने लांच किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में तकनीक मुख्य भूमिका में है। कोई भी क्षेत्र आज तकनीक से अछूता नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र व राज्य सरकार ने भविष्य की इमर्जिंग तकनीक को आत्मसात करने का बीड़ा उठाया गया है। बिना तकनीकी समावेश, सतत विकास की परिकल्पना नहीं की जा सकती है।राजभवन स्थित सभागार में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने उत्तराखंड एआई मिशन-2025 की दो नीतियों का ड्राॅफ्ट जारी किया। राज्यपाल ने कहा, पीएम मोदी के 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का होने का सपना आधुनिक एआई पॉलिसी साकार करेगी। वर्तमान तकनीक से जुड़ीं कुछ चुनौतियां भी हैं, जैसे डिजिटल डिवाइडेड व स्वास्थ्य और नैतिकता से संबंधित जुड़े मुद्दे। उन्होंने कहा कि इस दिशा में शोध और अनुसंधान अलग-अलग समस्याओं के प्रभावी समाधान की ओर बढ़ रहे हैं। 2047 के विकसित भारत लक्ष्य प्राप्ति में यह अहम कदम होगा।

