The dead man's body. Focus on hand
पोखरी विकासखंड के ग्राम पंचायत विशाल के पाव गांव निवासी अरविंद त्रिपाठी परिवार के साथ दीपावली मनाने अपने ससुराल देवखाल आए थे। बृहस्पतिवार को वह अपने गांव विशाल लौट रहे थे। घर से 100 मीटर दूरी पर ही कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और नीचे भदूड़ा गांव की लिंक रोड पर अटक गई। फिर नीचे की सड़क पर गिरते ही कार में आग लग गई। हादसे में देहरादून में यूजेवीएनएल में तैनात ईई अरविंद त्रिपाठी (55) और पत्नी अनीता त्रिपाठी (51) कार से छिटक गए। हादसे में ईई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गईं। उनका बड़ा बेटा अंबुज त्रिपाठी (24) और छोटा बेटा अनंत त्रिपाठी (21) कार के साथ नीचे सड़क जा गिरे। अंबुज कार से बाहर निकलने में सफल रहा जबकि अनंत कार से नहीं निकल सका और उसकी जलकर मौत हो गई।चमोली कोतवाली के निरीक्षक अनुरोध व्यास ने बताया कि हादसे में दंपती और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा जिला अस्पताल में भर्ती है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
