
देहरादून रोड स्थित एक होटल में फैशन शो ऑडिशन का हिंदू रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। होटल में फैशन शो का ऑडिशन चल रहा था। युवतियां वेस्टर्न परिधानों में रैंप वॉक कर रही थीं। मंच पर कई मॉडल्स हुनर का प्रदर्शन कर रही थीं। इसी बीच हिंदू रक्षा संगठन के कुछ कार्यकर्ता होटल में पहुंच गए। ऑडिशन का विरोध करने लगे।उन्होंने इस आयोजन को संस्कृति और परंपराओं के विपरीत बताते हुए कार्यक्रम को तत्काल रोकने की मांग की। ऑडिशन रोकने के लिए आयोजन समिति और हिंदू रक्षा संगठन के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। कार्यक्रम स्थल पर अफरा- तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख आयोजकों ने पुलिस को सूचना दी।हिंदू रक्षा संगठन के अध्यक्ष राघवेंद्र ने कहा कि यहां छोटे-छोटे कपड़ों में युवतियों का रैंप वॉक करवाना हमारी संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ है।