
इस साल प्री-मानसून की बारिश ने मई के साथ अब जून की गर्मी से भी राहत दिलाई है। कुछ दिनों को छोड़ दें तो राजधानी दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास ही रहा है। मंगलवार को हुई बारिश से दून का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री गिरावट के साथ 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रहा। इससे पहले 25 मई को दून के अधिकतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पड़ा है। इस कारण पारा गिरा है। इस बार प्री-मानसून की बारिश में भी इजाफा हुआ है। यही वजह रही कि तापमान सामान्य के आसपास रहा है। जबकि कई बार सामान्य से नीचे रहने से मैदानी इलाकों में मौसम सुहाना रहा है। इसके अलावा मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन की वजह से भी इस तरह के बदलाव देखे जा रहे हैं। बुधवार के मौसम की बात करें तो दून के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि दिन का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने के आसार हैं।