
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सशक्त उत्तराखंड @ 2025 योजना की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को दो-दो गेमचेंजर योजनाओं पर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ में इस संबंध में प्रगति का स्पष्ट विवरण अगली बैठक में उपलब्ध कराने को कहा है।मुख्यमंत्री धामी ने सचिवालय में सशक्त उत्तराखंड के संबंध में बैठक में इस योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों पर अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जो भी कार्य किए जाएं, उनका परिणाम धरातल पर पूर्ण रूप से दिखना चाहिए। कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों में तेजी लाने के लिए सचिव और विभागाध्यक्षों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी।इस पर विवरण शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक राज्य की जीएसडीपी दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पाने के लिए सभी विभाग अल्पकालिक, मध्यकालिक एवं दीर्घकालिक योजना के अनुसार तेजी से कार्य करें।उन्होंने कहा कि विभागों को रजत उत्सव वर्ष तक दो-दो गेमचेंजर योजनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए गए थे।