किसानों के दिल्ली कूच को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है। टिकरी बाॅर्डर पर किसानों को रोकने के लिए पुलिस पुख्ता इंतजाम कर रही है। बॉर्डर की सुरक्षा बढ़ाने के साथ साथ शनिवार को यहां कंटेनर मंगवा लिए गए हैं। यहां पर आरएएफ के जवान भी तैनात कर दिए गए हैं। बॉर्डर पर पुलिस के लिए तंबुओं को लगाने का काम जारी है।पुलिस बॉर्डर की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बल को भी यहां तैनात कर रही है। शुक्रवार को टिकरी बॉर्डर पर अर्धसैनिक बल के जवानों को बुला लिया गया था। शनिवार को आरपीएफ की भी यहां तैनाती कर दी गई है। शनिवार को यहां पुलिसकर्मियों के रहने के लिए तंबू लगाने का काम शुरू कर दिया गया।