प्रदेशभर में 16 लाख घरों पर प्रीपेड बिजली मीटर लगाने का काम जल्द ही शुरू होने जा रहा है। यूपीसीएल मुख्यालय में इसके कंट्रोल रूम स्थापित हो चुके हैं। ट्रांसफार्मरों पर स्मार्ट मीटर लगाने का काम अंतिम चरण में है। इस बीच उपभोक्ताओं के लिए राहतभरी खबर ये है कि उन्हें पूरे 24 घंटे का बिजली का दाम एक जैसा ही नहीं देना होगा। चूंकि दिन में यूपीसीएल सौर ऊर्जा खरीदता है जो कि दो से ढाई रुपये प्रति यूनिट मिलती है। लिहाजा दिन में उपभोक्ताओं को इसी हिसाब से सस्ती बिजली मिलेगी।खास बात ये होगी कि आप किस घंटे में कितने बिजली इस्तेमाल कर रहे हो, उसके दाम अलग-अलग लगेंगे। कपड़े धोने से लेकर खेत में सिंचाई जैसे जो भी काम होंगे, वह उपभोक्ता दिन में सस्ती बिजली में कर सकेगा और शाम को खर्च बचाने के लिए बिजली का न्यूनतम इस्तेमाल करेगा। यूपीसीएल एमडी अनिल कुमार ने बताया कि प्रीपेड मीटर लगाने का कोई शुल्क उपभोक्ता से नहीं वसूला जाएगा।

