पेरिस ओलंपिक-2024 में अपने निशाने से कीर्तिमान रचने वाली मनु भाकर देश को गौरवान्वित करेंगी। मनु को ओलंपिक के समापन समारोह में भारत की ओर से ध्वजवाहक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए मनु अपने कोच उत्तराखंड के गोल्डन बॉय जसपाल राणा के साथ पेरिस के लिए रवाना होंगी।11 अगस्त को होने वाले समापन समारोह में शूटिंग में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु के साथ हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ध्वजवाहक की जिम्मेदारी संभालेंगे। जसपाल राणा के पिता व उत्तराखंड राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण सिंह राणा ने बताया, मनु अपने कोच जसपाल के साथ वापस पेरिस जाएंगी। उन्होंने कहा, यह पूरे देश के साथ उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।

