
पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश के कारण मैदानी भागों में गंगा नदी का जलस्तर घट बढ़ रहा है। हालांकि हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर अभी सामान्य है। सुरक्षा के दृष्टिगत और लगातार हो रही बारिश के कारण स्थानीय प्रशासन की ओर से गंगा घाट और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। प्रशासन गंगा घाट और गंगा तट पर लाउड स्पीकर से मुनादी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की चेतावनी दे रहा है।एसडीएम कुमकुम जोशी ने कहा कि गंगा के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए मुनादी कराई गई है। लोगों को गंगा किनारे न जाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम पुलिस को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। डाकपत्थर में यमुना का जलस्तर बृहस्पतिवार सुबह खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया। हालांकि, शाम को जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई। शाम को यमुना खतरे के निशान से 55 सेंटीमीटर नीचे बहने लगी।