उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार थमने के साथ अब सभी उम्मीदवारों के समर्थक घर-घर जाकर मतदाताओं से मतदान की अपील करने में जुट गए हैं। चुनाव में उतरने से पहले ही बूथ प्रबंधन में जुटी भाजपा ने अपने सभी एजेंटों को बस्ते पहुंचा दिए हैं।पार्टी ने प्रदेश के 11,729 बूथों पर 23,458 पोलिंग एजेंट तैनात किए हैं। पार्टी ने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने गृह बूथों पर मोर्चा संभाल लें। इन सभी पार्टी और मोर्चों के पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर अधिक से अधिक मतदान कराने की जिम्मेदारी दी गई है।सभी पदाधिकारियों को आज ही अपने-अपने गृह बूथों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। पोलिंग एजेंटों को बस्ते प्राप्त हो गए हैं। इनमें उनके लिए मतदाता सूची और मतदाता पर्चियां मुहैया कराई गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को ताकीद किया गया कि वे अपने आसपास के इलाकों में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। साथ ही घर-घर, द्वार-द्वार जाकर पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील करें।

