सल्ट (अल्मोड़ा) से भाजपा विधायक महेश सिंह जीना द्वारा नगर आयुक्त व अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता के विरोध में चल रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। विधायक के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने और जिलाधिकारी सोनिका से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया।दो दिन रही हड़ताल के कारण नगर निगम की तमाम व्यवस्थाएं चरमरा गईं। शहरभर में कूड़ा उठान न होने से जगह-जगह ढेर लगे हैं। शुक्रवार से व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है। हालांकि, दो दिन का करीब आठ सौ टन कूड़ा एक साथ निस्तारित करना चुनौती हो सकता है।गुरुवार को जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय में नगर निगम प्रशासक एवं जिलाधिकारी सोनिका और कर्मचारी यूनियन के नेताओं के बीच वार्ता हुई। जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। दो दिन की हड़ताल के चलते घर-घर कूड़ा उठान पूरी तरह ठप रहा। कई जगह घरों का कूड़ा खाली प्लाट व नदी-नालों में फेंका गया। इसके अलावा सड़कों के किनारे भी कूड़ा पड़ा रहा।

