प्रदेश बार एसोसिएशन में इस बार राजीव शर्मा उर्फ बंटू भाई ने लंबे समय बाद अध्यक्ष पद पर कब्जा किया है। उन्होंने नौ बार के अध्यक्ष रहे अधिवक्ता मनमोहन कंडवाल को 66 मतों से हराया है। बंटू बीते कई वर्षों से अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे थे। इसके साथ ही सचिव पद पर राजबीर बिष्ट और उपाध्यक्ष पद पर भानू प्रताप सिसौदिया इस बार भी सीट बचाने में कामयाब रहे। इनके अलावा कार्यकारिणी के कई और सदस्यों ने भी जीत दोहराई है।बार एसोसिएशन के चुनाव में मंगलवार को मतदान हुआ था। कुल 3815 अधिवक्ता मतदाताओं में से 2675 अधिवक्ताओं ने मतदान किया था। इसके बाद बुधवार को सुबह करीब 10 बजे से मतगणना शुरू हुई। शाम करीब पांच बजे जब परिणाम आए तो चौंकाने वाले थे। लगातार छह बार से कार्यकारिणी में रहे (पांच बार सचिव व एक बार अध्यक्ष) निवर्तमान अध्यक्ष अनिल शर्मा उर्फ चीनी अध्यक्ष पद की दौड़ में 715 वोट पाकर तीसरे नंबर पर खिसक गए।

