कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपने भाषण में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता तक इन मुद्दों को पहुंचाएं। उन्हें समझाएं कि ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर निकालना होगा। वरना उनका जुल्म ऐसे ही चलता रहेगा। अंकिता जैसी बेटियां ऐसे ही शिकार होती रहेंगी।कांग्रेस अध्यक्ष ने दोपहर 3:05 बजे अपने भाषण की शुरुआत की। भाजपा की मोदी सरकार के साथ ही उन्होंने पांचों लोकसभा के मद्देनजर राज्य की धामी सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने स्थानीय मुद्दों के आधार पर आह्वान किया कि ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर निकालना होगा। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, उसकी हत्या करने वालों को भाजपाई बगल में लिए घूमते हैं।खरगे ने कहा, सरकार नौजवानों को ठगने के लिए अग्निवीर योजना लाई। इस योजना में चार साल तक अग्निवीर बनाया जाएगा, लेकिन इसके बाद उसका क्या होगा? क्या वो रास्ते पर घूमेगा? उसे भर्ती क्यों नहीं करेंगे? जिन युवाओं ने पहले की भर्ती प्रक्रिया में तैयारी की थी, वो अग्निवीर योजना के चलते सड़क पर संघर्ष करने पर मजबूर हैं। दूसरी भर्तियों की उम्र निकल रही है। खरगे ने अपने भाषण में बेरोजगारी के मुद्दे को कई विभागों में खाली पड़े पदों पर भर्ती से जोड़कर उठाया। कहा, सरकारी विभागों में आज 30 लाख रिक्तियां हैं, लेकिन हर साल दो करोड़ को रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार भर्तियां नहीं निकाल रही। आरोप लगाया, यूजीसी के ताजा नोटिफिकेशन के हिसाब से अब विश्वविद्यालयों में आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। जो मोदी की मेरिट में आएगा, उसे ही नौकरी मिलेगी।खरगे ने कहा, धर्म के नाम पर वोट लेना राष्ट्र के प्रति गद्दारी है। भाजपा से हमें इस तरह की राजनीति नहीं सीखनी है। कांग्रेस गरीबी, महिलाओं, युवाओं और देश हित में काम करने वाली पार्टी है। भाजपा का नजरिया अलग है, लेकिन कांग्रेस ने देश के लिए काम किया। 40 मिनट के भाषण में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। वहीं, देश के विकास में कांग्रेस पार्टी के योगदान को साझा किया।

