उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने से ठंड का प्रकोप जारी है। एक सप्ताह बाद मौसम ने अपने तेवर दिखाए तो मैदानी इलाकों में शुक्रवार को दिनभर कंपकंपाती ठंड ने खूब परेशान किया। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली।शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम है। शुक्रवार सुबह कोहरा छाया तो मैदानी इलाकों में सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह करीब 11 बजे से कोहरा छंटना शुरू हुआ, लेकिन दिनभर शीतलहर चलने से गलन वाली ठंड रही। शीत दिवस होने के चलते दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर में एक-दो बार ही सूरज के दर्शन हुए।आंकड़ों पर नजर डाले तो पंतनगर का अधिकतम तापमान आठ डिग्री कमी के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 13.4 और नई टिहरी का भी दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।ठंड के कारण तीसरे दिन शनिवार को भी जनपद के समस्त स्कूल और आंगनबाड़ी केंद बंद रहेंगे। जिलाधिकारी धीराज सिंह की ओर से 20 जनवरी के लिए भी जनपद के कक्षा एक से आठ तक समस्त सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के आदेश किए हैं। साथ ही जिन स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर कक्षा नौ से 12 तक के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चल रही हैं। उनका संचालन भी सुबह नौ बजे के बाद किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

