उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में कोहरे से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। गुरुवार को कुमाऊं मंडल की ऊंची चोटियों में हल्का हिमपात होने से निचले हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। हरिद्वार व ऊधम सिंह नगर जनपद में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान देहरादून में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 11.7 व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान 14.2 व न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा।देहरादून एयरपोर्ट पर गुरुवार को देहरादून-जयपुर की फ्लाइट निर्धारित समय से लगभग ढाई घंटे देरी से एयरपोर्ट पहुंची। तो वही इंडिगो की इलाहाबाद की फ्लाइट भी 45 मिनट विलंब से लैंड हुई। जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की सुबह 10:25 बजे आने वाली फ्लाइट करीब ढाई घंटे विलंब से दोपहर 1.08 बजे एयरपोर्ट पर पहुंची। इंडिगो की दोपहर 1:55 बजे आने वाली इलाहाबाद की फ्लाइट दोपहर 2:42 बजे एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इसके अलावा सभी फ्लाइट समयानुसार आवागमन करती रही।

