सीएम धामी सोमवार को उत्तरकाशी रामलीला मैदान में दीदी-भूली महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कहा कि दीदी-भुलियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सरकार कृतसंकल्प है। दीदी-भुलियों के जीवन में आजीविका चलाने, बच्चों का लालन पालन करने जैसे कई कठिनाइयों को देखते हुए सरकार ने नौकरी में 30 फीसदी आरक्षण दिया है। कहा, मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा, जब तक उत्तराखंड आदर्श राज्य न बन जाए। उन्होंने राम लला प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कहा कि मंदिर के निर्माण की सदियों से जो मनोकामना थी वह आगामी 22 जनवरी को पूरी हो रही है।
जल जीवन मिशन में भटवाड़ी ब्लॉक में सबसे पहले सौ फीसदी कनेक्शन होने पर सीएम ने अधिकारियों को बधाई दी। जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार कार्य योजना तैयार कर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, सड़क परिवहन के क्षेत्र में हर व्यक्ति के हित में कार्य कर रही है। इस मौके पर गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, डीएम अभिषेक रुहेला,सीडीओ जय किशन, एसपी अपर्ण यदुवंशी, एडीएम रजा अब्बास उपस्थित रहे।

