उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा दुश्वारियां बढ़ा रहा है। ज्यादातर क्षेत्रों में पाले की मार से भी जनजीवन प्रभावित है। हालांकि, आज शाम से उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।मौसम विभाग के अनुसार आज शाम तक देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम के मिजाज में बदलाव आने की उम्मीद है। प्रदेश में चोटियों पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। जबकि, बीते कुछ दिनों से मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पहाड़ों में पाला परेशानी का सबब बना हुआ है। अगले कुछ दिन पारे में भी गिरावट आने की आशंका है।इससे न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जा सकती है। उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में बीते एक माह से अधिक समय से वर्षा दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, अभी हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

