प्रदेश के कुछ जिलों को छोड़ अधिकतर जिलों में आज कोहरा छाया हुआ है।बीते कुछ दिनों से सता रहा कोहरे का सितम इस सप्ताह भी जारी रहेगा। बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी न होने से सूखी ठंड खूब सताएगी। हालांकि, दिन में मौसम शुष्क रहने से ठंड का अहसास होगा। इसके साथ ही दिन के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखने को मिलेगा।मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मंगलवार को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिले में सुबह और रात को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया था। जबकि, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क होने की संभावना जताई गई थी।सोमवार को दून का अधिकतम दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का तापमान एक डिग्री इजाफे के साथ 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर का तापमान दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 14.5 और नई टिहरी का तापमान एक डिग्री इजाफे के साथ 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिली रह सकती है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में मामूली गिरावट के आसार हैं।

