उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को हुई बर्फबारी ने पहाड़ से लेकर मैदान तक ठिठुरन बढ़ा दी है। दिनभर चल रही सर्द हवाएं कंपकंपी छुड़ा रही हैं। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना है और घना कोहरा दुश्वारियां बढ़ा रहा है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में कोहरे से जनजीवन प्रभावित है। खासकर लक्सर, रुड़की, पंतनगर और खटीमा कोहरा सर्वाधिक प्रभावित हैं।मौसम विभाग अनुसार, सोमवार एक जनवरी से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रह सकता है। जिससे सर्दी का सितम बढ़ने और पारे में गिरावट आने की भी आशंका है। घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में बहुत घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट है, जबकि, कुछ अन्य मैदानी क्षेत्रों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे तापमान में भी गिरावट के आसार हैं। घने कोहरे के कारण दृश्यता छह से चार मीटर तक रहने की आशंका है। कोहरे के कारण दून आने वाली ट्रेन तो प्रभावित हैं हीं, हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।

