समान काम के लिए समान वेतन, उपनल की तर्ज पर नियमितीकरण और आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को शुरू हुआ आउटसोर्स कर्मचारियों का आंदोलन देर रात तक जारी रहा।
दिनभर परेड ग्राउंड के बाहर धरने के बाद शाम करीब 7:30 बजे पुलिस ने कर्मचारियों को हिरासत में लेकर एकता विहार पहुंचाया। यहां भी प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रही। करीब एक घंटे बाद कर्मचारी पैदल रैली लेकर घंटाघर की ओर निकल पड़े। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।।एकता विहार से निकली रैली को डालनवाला थाने के पास पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी दोबारा परेड ग्राउंड पहुंच गए और देर रात फिर धरने पर बैठ गए। हिरासत में लिए जाने और रैली रोकने के प्रयास के बावजूद कर्मचारियों के वापस परेड ग्राउंड पहुंचने से आंदोलन देर रात तक जारी रहा।
