मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर तिराहा कांड की 32वीं बरसी पर देहरादून के कचहरी परिसर व मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा स्थित स्मारक में राज्य आंदोलनकारी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सीएम ने कहा, राज्य आंदोलन के जिन शहीद आंदोलनकारियों की प्रतिमाएं नहीं लग पाई हैं, अब उनके पैतृक गांव या निवास क्षेत्र में स्थापित की जाएंगी। शुक्रवार को शहीद स्थल रामपुर तिराहा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा राज्य अतिथि गृह के उच्चीकरण, स्मारक परिसर की पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने और संग्रहालय के विस्तार की घोषणा की।संग्रहालय में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों, वेशभूषा व लोक संस्कृति से संबंधित सामग्री को भी शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के दोबारा चिह्निकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। सरकार ने देश की रक्षा में सर्वाेच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड के वीर सैनिकों की प्रतिमाएं उनके पैतृक गांवों में स्थापित करने का निर्णय पहले ही ले लिया है।
