देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को हुई सांगठनिक बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने कहा कि अब चुनाव में कुछ ही माह बचे हैं। हमें संगठन से राजनीतिक कार्यकर्ता की भूमिका में आकर कार्य करना है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार ने प्रदेश का ऐतिहासिक एवं चहुंमुखी विकास किया है। लिहाजा अब राजनीतिक दृष्टि से पार्टी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए हमें चुनावों में एब्सोल्यूट मेजॉरिटी नहीं बल्कि हाईएस्ट मेजॉरिटी (पूर्ण बहुमत नहीं, बल्कि सबसे अधिक बहुमत) यानी 60 पार के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर कार्यक्रमों का राजनीतिक संदेश जन-जन के बीच पहुंचना चाहिए।भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने कहा कि इस बार बहुमत नहीं बहुत मत की जरूरत है। बैठक में सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि वर्तमान में देश को धर्म, क्षेत्र और जाति में बांटने के बाद युवाओं को उम्र में बांटने की राजनीति आगे बढ़ रही है। कभी कोई कॉकरोच पार्टी बनकर लीड करने की कोशिश करता है।इन सबके नाम अलग हैं लेकिन सबकी आत्मा देश विरोधी, सनातन विरोधी भावना से भरी हुई है।
