रविवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देर शाम राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर विभिन्न स्थानों पर फंसे पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए संचालित किए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की।मौसम खराब होने के कारण उत्तरकाशी जिले में विभिन्न स्थानों पर फंसे 136 पर्वतारोही को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेजी से जारी है। तीन हेलिकॉप्टरों की मदद ली जा रही है। सुबह छह बजे से अभियान शुरू कर दिया गया था। वहीं बागेश्वर जिले में 43 पर्वतारोहियोें को सुरक्षित स्थान पर रोका गया है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान संचालित किया जाए। बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी जिले में 10 ट्रेकिंग दलों के 136 पर्वतारोही फंसे हैं। जबकि बागेश्वर जिले में तीन दलों के 43 पर्वतारोहियों को सुरक्षित स्थान पर रोका गया है।मुख्य सचिव ने रेस्क्यू के बाद सभी पर्वतारोहियों की तत्काल मेडिकल स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्स ऋषिकेश तथा श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अलर्ट मोड पर रखने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अस्वस्थ पर्वतारोहियों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
