शहरी निकायों में 17 सितंबर से स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू होगा। निदेशक शहरी विकास विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य के समस्त निकायों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई। इसमें राष्ट्रव्यापी स्वच्छता ही सेवा अभियान की रूपरेखा तय की गई। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत की थीम पर चलाया जाएगा। इस बार जनभागीदारी और सफाईमित्रों के कल्याण पर जोर रहेगा। पहले दिन घरों की सफाई करके शाम को हर घर में एक दीया जलाया जाएगा।आमजन से अपील की गई है कि 17 सितंबर को घरों की सफाई कर शाम को एक दीया जलाएं, जो स्वच्छता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक होगा। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर पार्कों, स्मारकों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलेगा। एक अक्तूबर को एक दिन, एक घंटा, एक साथ पहल के तहत जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी श्रमदान होगा।
