प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा और आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री ने सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों की स्थिति की जानकारी ली और संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा।मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे सक्रिय रहें और प्रत्येक घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (एनडीआरएफ), जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना विलंब शुरू किए जाएं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, नदी-नालों के जलस्तर पर सतत नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
