लगातार पांच वर्ष मुख्यमंत्री रहने का कीर्तिमान बना रहे पुष्कर सिंह धामी की सरकार के कार्यकाल में वैश्विक निवेशक सम्मेलन बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है। साढ़े तीन लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग कर सरकार ने केवल रिकार्ड ही नहीं बनाया, बल्कि उत्तराखंड ने निवेशकों के साथ भरोसे को भी मजबूत किया। राज्य की इस महत्वाकांक्षी पहल को धरातल पर उतारने में केंद्र का सक्रिय सहयोग देखिए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उद्घाटन अवसर पर देहरादून पहुंचे तो रुद्रपुर में समापन समारोह में गृह मंत्री अमित शाह आए। उत्तराखंड में निवेश लाना हमेशा से ही चुनौती रहा है। प्रदेश में निवेश लाने के तमाम प्रयास हुए लेकिन मील का पत्थर दिसंबर, 2023 में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस सम्मेलन में रिकार्ड 3.56 लाख करोड़ के निवेश करार किए गए। इसके बाद सरकार ने निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार समीक्षा और निगरानी की। प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक हितैषी नीतियों काे लागू किया गया। औद्योगिक परियोजनाओं के लिए आवश्यक अनुमतियां सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं निवेश परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं, जिससे विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है। यही वजह है कि कई निवेशकों ने तय समय से पहले अपनी परियोजनाओं को शुरू कर दिया है।
