बाइक को बचाने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ी कार, नशे में धुत बाइक सवार दो युवकों ने आव देखा न ताव और कार में लगा दी आग । इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आए स्थानीय लोगों पर युवकों ने चाकू से हमला भी कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।जानकारी के अनुसार, कार चालक आईएसबीटी से कारगी की तरफ आ रहा था। इसी दौरान उसकी कार के आगे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक चल रहे थे। अचानक बाइक चालक ने तेजी से कट मारा। बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में कार चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी। कार डिवाइडर पर चढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। स्थानीय लोग मामला शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए आगे आए, तो हुड़दंगी बाइक सवारों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस बीच, नशे में धुत बाइक सवार युवक इतने आक्रोशित हो गए कि उन्होंने कार को आग के हवाले कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों उपद्रवी युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें पटेलनगर कोतवाली ले गई। इस बीच सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया
