अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज देवभूमि योगमय हो गई। मैदान से पहाड़ तक हर किसी पर योग का रंग चढ़ा दिखा। वहीं, चारधाम से लेकर औली में भी योग किया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा में भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम हुआ। योग दिवस पर मंत्री विधायकों से लेकर आम जनता ने भी योग से रहें निरोग का संदेश दिया।धर्मनगरी हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देहरादून एयरपोर्ट पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई), विभिन्न एयरलाइंस और सीआईएसएफ के अधिकारियों, कर्मचारियों ने भाग लिया। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में योग उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड के लोकगीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गईं।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धर्मनगरी ऋषिकेश में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। योग नगरी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित पार्क में अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास कर योग दिवस मनाया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
