शादी के सात महीने बाद सैर के लिए उत्तराखंड पहुंचे दंपती की यात्रा एक रहस्यमयी मौत के मामले में बदल गई है। दिल्ली निवासी दंपती 14 जून को मसूरी पहुंचे थे और टिपड़ीधार स्थित होमस्टे में ठहरे थे। पति सौम्य शरण के अनुसार, दोनों देर रात तक साथ थे और शराब पी। सुबह उठने पर पत्नी अचेत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। मामले की जांच कर रही पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मौत के कारणों का पता लगाना है। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर पर किसी प्रकार की मारपीट, संघर्ष या बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। यही वजह है कि जांच अब मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट पर काफी हद तक निर्भर हो गई है। महिला के पिता ने मौत पर संदेह जताते हुए गहन जांच की मांग की है। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच कई स्तरों पर शुरू कर दी है। वहीं, मंगलवार को देहरादून में चिकित्सकों के पैनल ने मृतका का पोस्टमार्टम किया। अभी पुलिस विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है।
