दयारा बुग्याल ट्रेक पर लापता हुई युवती बबीता पांडे मामले में स्थानीय ट्रेकिंग एजेंसी संचालक का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा संचालित सिंगल विंडो सिस्टम के पोर्टल से बबीता पांडे नाम की किसी भी युवती को ट्रेकिंग का अनुमति पत्र जारी नहीं किया गया है।उन्होंने संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी पर फर्जीवाड़ा कर अनुमति पत्र तैयार करने की बात कही। बताया कि इस फर्जीवाड़े का पता चलते ही एजेंसी संचालन का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है। वहीं, उसके विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर पुलिस के माध्यम से मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। दयारा ट्रेक पर लापता बबीता पांडे की तलाश में बुधवार को विशेष डीप डाइव टीम ने गोई के तालाब में खोजबीन की। इस दौरान टीम का एक गोताखोर सदस्य भी तालाब में उतरा। लेकिन करीब सात से आठ फिट गहरे बताए जा रहे तालाब में लापता बबीता का कोई सुराग नहीं मिला।
