शहर में कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत बढ़ने के साथ ही बाहर खाना अब और महंगा हो गया है। 19 किलो का कमर्शियल सिलिंडर देहरादून में 1937.50 रुपये से बढ़कर 2131.50 रुपये पहुंच गया है। यानी एक झटके में 194 रुपये की बढ़ोतरी ने ढाबों, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और स्ट्रीट फूड कारोबारियों की लागत बढ़ा दी है।पहले से कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति में परेशानी झेल रहे छोटे प्रतिष्ठानों के लिए यह बढ़ोतरी दोहरी चुनौती बन गई है। कई दुकानदारों ने कीमत बढ़ाने के साथ मात्रा में भी हल्का बदलाव किया है ताकि लागत और ग्राहक दोनों के बीच संतुलन बना रहे। इसका असर अब सीधे ग्राहकों की थाली पर दिखाई देने लगा है।कारोबारियों का कहना है कि गैस के साथ तेल, सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री पहले से महंगी है, ऐसे में अब कीमतें बढ़ाना मजबूरी बन गया है।

