देहरादून और टिहरी जिलों में भट्टूवाला और ढालवाला गांवों के बीच नेशनल हाइवे सात पर तीनपानी फ्लाईओवर से खारास्रोत पुल तक 12.670 किलोमीटर लंबे फोर लेन ऋषिकेश बाईपास के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर 1105.79 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह बाईपास ऋषिकेश में जाम को कम करने में मदद करेगा और यात्रा का समय घटाएगा। गडकरी के अनुसार, इस परियोजना से चारधाम यात्रा मार्गों की कनेक्टिविटी सुधरेगी।बदरीनाथ और केदारनाथ के साथ-साथ गंगोत्री और यमुनोत्री तक पहुंच सुगम होगी। यह परियोजना हेमकुंड साहिब और भारत-चीन सीमा से लगे क्षेत्रों माणा, नीति और नेलांग तक कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी। उन्होंने इस प्रयास को प्रगति का हाइवे और गतिशक्ति अभियान के तहत क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

