चारधाम यात्रा के लिए व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड एआरटीओ कार्यालय ऋषिकेश में 23 मार्च से बनेंगे। बिना ग्रीन कार्ड के वाहन यात्रा मार्ग पर संचालित नहीं होंगे।चारधाम यात्रा में हर साल व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए जाते हैं। वाहनों की फिटनेस, दस्तावेज देखने के बाद परिवहन विभाग वाहनों को ग्रीन कार्ड देता है। ग्रीन कार्ड बनाने के बाद ही सवारी वाहन यात्रा मार्ग पर जा सकते हैं। जगह-जगह परिवहन विभाग की ओर से ग्रीन कार्ड की जांच के लिए चेक पोस्ट बनाई जाती है।एआरटीओ प्रशासन आरएस कटारिया ने बताया कि 23 मार्च को सुबह 11 बजे ग्रीन कार्ड बनाने के काम का शुभारंभ किया जाएगा। बस, टैक्सी, मैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों, वाहन स्वामियों, चालकों से किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय में यात्रा पर जाने वाले वाहनों को लाकर फिटनेस जांच कराकर ग्रीन कार्ड लेने को कहा गया है।

