अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शासन ने 14 स्टोन क्रशरों पर अनियमितताएं मिलने के बाद उन्हें सीज कर दिया। साथ ही, 10 करोड़ रुपये से अधिक के अर्थदंड भी इन क्रशरों पर लगाया है।अवैध खनन और भंडारण की मिल रही शिकायतों के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने कार्रवाई करते हुए भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, देहरादून के नेतृत्व में लक्सर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया।हरिद्वार में अवैध खनन और मानकों के विरुद्ध संचालित स्टोन क्रशरों पर भी न्यायालय के संज्ञान व दखल के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 60 से अधिक स्टोन क्रशरों को सीज किया था।कार्रवाई के दौरान लक्सर क्षेत्र के ग्राम फतवा, महतोली, मुजफ्फरपुर गुर्जर, नेहटपुर, जवाहरखान उर्फ जीवरेड़ी, हरिद्वार तहसील क्षेत्र के बाडीटीप भोगपुर क्षेत्र में संचालित 14 स्टोन क्रशरों का निरीक्षण किया।इनमें 11 क्रशर लक्सर तहसील और तीन क्रशर हरिद्वार तहसील के हैं। जांच में इन क्रशरों में नियमों की अनदेखी और गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

