मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार कुंभ से पहले सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े स्थायी प्रकृति के कार्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। हरिद्वार में कुंभ की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दाैरान उन्होंने मुख्य सचिव से फोन पर वार्ता की और शासन स्तर पर रुकी परियोजनाओं को तत्काल स्वीकृति देने के निर्देश दिए। उन्होंने डामकोठी के बगल में एक और अतिथि गृह के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल के साथ कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि इस आयोजन में आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं से सुसज्जित इंटीग्रेटेड कंट्रोल और कमांड सेंटर की स्थापना की जाएगी।हरिद्वार शहर में सोमवार को सीएम कुल 5 घंटे 45 मिनट तक रहे। इस दौरान उन्होंने कुंभ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री का पूरा जोर स्थायी प्रकृति के निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने पर रहा। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम मेला प्रशासन से जीपीएस सिस्टम पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति और प्रगति देखी।

