हरकी पैड़ी और कुंभ क्षेत्र में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की उठती मांग के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार इस विषय पर साधु-संतों, तीर्थ पुरोहितों, श्री गंगा सभा और अन्य संबंधित संस्थाओं से विमर्श के बाद ही निर्णय लेगी।सरकार उनकी भावनाओं और सुझावों का सम्मान करते कानून और अधिनियमों के अनुरूप ही निर्णय लेगी। हरिद्वार में श्री गंगा सभा सहित कई संतों ने हरकी पैड़ी, प्रमुख गंगा घाटों और कुंभ क्षेत्र में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। इस संबंध में हरकी पैड़ी क्षेत्र में पांच से अधिक स्थानों पर गैर हिंदुओं के प्रवेश वर्जित क्षेत्र के चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। यह मामला इन दिनों देशभर में चर्चाओं में है।मुख्यमंत्री ने सोमवार को श्यामपुर क्षेत्र के आर्यनगर में आयोजित ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’ में जनता के बीच बैठकर समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। चौपाल की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री चारपाई पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद करते नजर आए।मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को सभी प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं पर देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

