मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार जनजातीय समुदाय को मजबूत करने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय कला, संस्कृति को मजबूती से पहचान दिलाने का काम किया है। मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। पहले की सरकारों ने समुदाय को अंधेरे में रखा। अब सरकार समुदाय का उत्थान कर रही है। प्रदेश में थारू, बोक्सा, राजी, भोटिया, जौनसारी जनजाति को निश्शुल्क स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वरोजगार के माध्यम से मजबूत किया जा रहा है।शनिवार को रेंजर्स ग्राउंड में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआइ) उत्तराखंड की ओर से तीन दिवसीय जनजातीय महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय महोत्सव में आने पर खुद को गौरवांवित महसूस करता हूं। भगवान बिरसा मुंडा ने समाज के लिए अनेक उत्कृष्ट कार्य किए हैं। सभी को उनके आदर्शों पर चलना चाहिए।सरकार ने जनजातीय महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए तीन गुना बजट बढ़ाया है। जनजातीय क्षेत्र के 128 गांवों का चयन कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार प्रमुख रहेंगे। जनजातीय क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल में निश्शुल्क शिक्षा एवं रहने के लिए निश्शुल्क छात्रावास उपलब्ध कराए गए हैं।

