मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सख्त अंदाज में दिखे। उन्होंने न केवल सख्ती दिखाई, बल्कि इसके पालन में पारदर्शिता का संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री शुक्रवार को खटीमा नगला तराई स्थित अपने आवास में जिले के अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने जिलाधिकारी उदयराज सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी से कहा कि कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन किया जाए। ताकि प्रदेश को अपराधमुक्त समाज मिल सके।मुख्यमंत्री ने कानून के लेकर पारदर्शिता का संदेश देते हुए कहा, अपराधी चाहे कोई भी हो, समाज के किसी भी वर्ग या जाति से हो, वह कानून के शिकंजे में होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का पालन करते हुए इस बात की कतई परवाह नहीं की जाए कि व्यक्ति किसी राजनेता या अधिकारी का करीबी है।यहां तक कि अगर कोई व्यक्ति मेरा भी करीबी है तो उसे कानून की नजर में उसी तरह से देखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि कोई अपराध करने वाला यदि मेरे गृहक्षेत्र खटीमा या मेरे निर्वाचन क्षेत्र चंपावत का है, तो इसका अर्थ यह नहीं कि वह कानून से ऊपर है। कानून की बंदिशें पूरे प्रदेश में हर व्यक्ति के लिए समान हैं।

