Close-up Of human hand with Indian handcuffs
नशे के खिलाफ प्रदेश की एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। कुमाऊं यूनिट ने 1.06 किलोग्राम स्मैक के साथ बरेली के दो तस्करों को पकड़ा है। इसके साथ ही गढ़वाल यूनिट ने उत्तरकाशी के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। स्मैक की खेप को खटीमा में नेपाल के तस्कर को बेचा जाना था। उसके बाद इसे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में छोटे-छोटे तस्करों के हाथों सप्लाई कराने की योजना थी। तीनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश से जेल भेज दिया गया है। इनके नेटवर्क और आपराधिक इतिहास के बारे में एसटीएफ जानकारी जुटा रही है।एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि डीएसपी सुमित पांडे की टीम ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कई वर्षों से उत्तराखंड में स्मैक की तस्करी कर रहे थे। दोनों आरोपी बरेली के रहने वाले हैं और उन्होंने यह स्मैक बरेली से ही खरीदी थी। इसे खटीमा में नेपाल के एक व्यक्ति को तस्करी के लिए दिया जाना था। आरोपियों ने अपने नाम सगीर अहमद निवासी महोलिया, अलीगंज बरेली और बाबू निवासी अलीगंज, बरेली बताए हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि यह बरेली के एक बड़े ड्रग्स तस्करों के गिरोह से जुड़े हैं। इनका नेटवर्क उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों और नेपाल तक फैला है।

