पहाड़ में दो दिनों से हो रही बर्फबारी के कारण चारों धामों और ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, पर्यटन स्थल औली, मसूरी, धनोल्टी, चकराता और नैनीताल में भी ताजा बर्फबारी हुई।
वहीं, अब प्रदेश भर में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद तीन फरवरी की रात मौसम एक बार फिर करवट लेगा और चार-पांच फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है। पांच फरवरी के बाद प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा।बर्फबारी के बाद चकराता पर्यटकों से गुलजार होने लगा है। बृहस्पतिवार को करीब एक हजार पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने पहुंचे। पहाड़ों की रानी मसूरी और धनोल्टी मे भी बर्फबारी शुरू हो गई। मसूरी में गुरुवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ। बदरीनाथ धाम में चार और हेमकुंड साहिब में करीब पांच फीट ताजी बर्फ जम गई है।

