मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में वित्त मंत्री प्रेमचंद की उपस्थिति में वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट से पूर्व संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। उद्योग, पर्यटन, डेयरी विकास, औद्यानिकी, शिक्षा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों, किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों व लखपति दीदी ने नए बजट के संबंध में सुझाव दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार अगले वित्तीय वर्ष के लिए शीघ्र बजट प्रस्तुत करने जा रही है। जन आकांक्षाओं और क्षमता को बेहतर ढंग से समझने के लिए संवाद बजट निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है। अर्थव्यवस्था की प्रगति का सीधा संबंध आम जनता के गुणवत्तापूर्ण जीवन से होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट निर्माण में जन सहभागिता महत्वपूर्ण है। जन भावनाओं और सुझावों के आधार पर नए बजट का निर्माण किया जाएगा। सतत और समावेशी के साथ नवाचार और प्रौद्योगिकी पर आधारित विकास के मूल मंत्र को केंद्र में रखकर नया बजट बनाया जा रहा है।

