मोटर वाहनों के हिट एंड रन संबंधी कानून पर चल रहे चक्काजाम के दूसरे दिन शासन से परिवहन संघों की वार्ता बेनतीजा रही। रोडवेज सहित कुछ संगठन तो मान गए हैं लेकिन ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने बुधवार को चक्काजाम को समर्थन का एलान किया है। उधर, सचिव परिवहन ने वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ ही संचालन करने वालों को सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
मोटर वाहन के हिट एंड रन कानून के विरोध में प्रदेशभर में दूसरे दिन भी रोडवेज बस से लेकर ट्रक, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों का संचालन प्रभावित रहा। इस बीच सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी ने परिवहन संघों की बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने बताया कि मोटर दुर्घटना में कानून में जिस सजा के विरोध में हड़ताल हो रही है, इसकी न तो अधिसूचना जारी हुई है और न ही वह लागू हुआ है।परिवहन व्यावसाय जनसरोकारों से जुड़ा हुआ है, जिससे न केवल आमजन को परेशानी होती है बल्कि आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित होती है। परिवहन संघों का कहना था कि इस कानून में 10 साल की सजा 5 लाख अर्थदंड का प्रावधान किया गया है, जो न्यायसंगत नहीं है। कोई भी चालक जानबूझकर दुर्घटना नहीं करता।बैठक बेनतीजा रहने के बाद सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी ने सभी जिलों के डीएम, एसएसपी को आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही संचालन करने वालों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही ये भी कहा कि जो संचालन में बाधा उत्पन्न करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेट्रोल, डीजल, गैस आदि की आपूर्ति के संबंध में तेल कंपनियों के प्रबंधकों को आपूर्ति निर्बाध करने के भी निर्देश दिए।

