हरिद्वार सिडकुल थाना क्षेत्र में एक मोबाइल फोन की दुकान का शटर उखाड़कर चोरों ने लाखों रुपये के फोन और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन-चार आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।चोरी की वारदात से पुलिस के गश्त की भी पोल खुलकर सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बैरियर नंबर छह से सटे रावली महदूद रोड ब्रह्मपुरी में मानव पुंडीर की मोबाइल फोन की है। उसका मकान भी दुकान के ऊपर बना हुआ है। सोमवार की रात दुकान बंद कर वह घर चला गया। मंगलवार की सुबह उठने के बाद नीचे उतरकर आया तो दुकान का शटर उखड़ा देख उसके होश उड़ गए।दुकान मालिक मानव के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही विभिन्न कंपनियों के महंगे मोबाइल फोन मंगवाए गए थे। मानव का दावा है कि मोबाइलों की कीमत करीब 20 लाख है। गल्ले से लाखों रुपये की नकदी चोरी हुई है। इस संबंध में दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दे दी है।आरोपियों ने चोरी की वारदात को सुबह साढ़े चार से पांच बजे के बीच अंजाम दिया है। कुछ आरोपी बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। जबकि एक आरोपी शटर उखाड़कर नीचे लेटकर अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने मोबाइल फोन व नकदी बैग में भरी। बाहर निकलकर आया। फिर सभी फरार हो गए।

